काबुल (12 अक्टूबर 25)। फगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने 9 अक्टूबर को अफगानिस्तान के काबुल, खोस्त, जलालाबाद और पक्तिका प्रांतों में टीटीपी चीफ नूर वली मेहसूद को निशाना बनाकर कई हवाई हमले किए थे। इन हमलों के जवाब में अफगानिस्तान की 201 खालिद बिन वलीद आर्मी कोर ने 11 अक्टूबर की देर रात नंगरहार और कुनार प्रांतों में डुरंड लाइन के पास पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमला शुरू कर दिया।
तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने टोलो न्यूज को बताया कि अफगान सेनाओं ने कई पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा कर लिया है। कुनार और हेलमंद प्रांतों में अफगान सीमा बलों ने एक-एक पाकिस्तानी चौकी को नष्ट कर दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पक्तिया प्रांत के आर्यूब जाजी जिले में सुबह से अफगानी और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच भारी झड़पें जारी हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अब तक झड़पों में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दो घायल हैं। अफगानी सैनिकों ने पाकिस्तानी हथियार भी जब्त किए हैं। लड़ाई मुख्य रूप से स्पिना शागा, गीवी, मणि जाभा और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में केंद्रित है, जहां हल्के और भारी हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है। तालिबान सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि अफगानी सैनिकों ने कई चौकियों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। इसके अलावा, काबुल में शुक्रवार देर रात दो विस्फोट भी हुए, जिसके लिए तालिबान ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और अपने सीमावर्ती शहर पर हवाई हमले करने का आरोप लगाया।