Tuesday, 29 Sep 2026

अफगान क्रिकेटरों की मौत पर BCCI ने जताया दुख

मुंबई (19 अक्टूबर 25)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष ने अब खेल जगत को भी हिला दिया है। इस संघर्ष में अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना की एयरस्ट्राइक में ये तीनों खिलाड़ी मारे गए, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में खेलने से इनकार कर दिया है। वहीं, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भी अफगान खिलाड़ियों के समर्थन में सामने आया है और पाकिस्तान की इस हरकत को 'कायराना हमला' बताया है। 

इस घटना पर BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा ,'BCCI पक्तिका प्रांत में हुई कायराना एयर स्ट्राइक में तीन युवा अफगान क्रिकेटर्स, कबीर आगा, सिब्गतुल्लाह और हारून की मौत पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त करती है।' BCCI ने अपने बयान में आगे कहा कि ,'BCCI इस कठिन समय में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट जगत और मृतक खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है। यह हमला निंदनीय है। बेगुनाहों, खासकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है।' अफगानिस्तान, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच एक टी20 ट्राई-सीरीज होनी थी, जिसका आयोजन पाकिस्तान में तय था। लेकिन अब अफगानिस्तान ने साफ कह दिया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगा। पहले से ही पाकिस्तान और भारत के बीच रिश्तों के कारण पाकिस्तान क्रिकेट पर बैन लगाने की मांग चल रही थी। अब अफगानिस्तान के इन खिलाड़ियों की मौत के बाद ICC से पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की मांग फिर से तेज हो गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि ICC इस पूरे मामले में क्या कदम उठाती है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!