लखनऊ (06 मार्च 25)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधान परिषद में एक बार फिर महाकुंभ के सफल आयोजन का जिक्र किया और उन लोगों पर निशाना साधा जो इस आयोजन पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर की मीडिया ने महाकुंभ की तारीफ की, लेकिन कुछ लोग ऐसे थे जिन्हें केवल नकारात्मक बातें ही दिखीं। औरंगजेब वाले मुद्दों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि अबु आजमी को यूपी भेज दो, सही से इलाज कर देंगे।
सीएम योगी ने महाराष्ट्र के विधायक अबू आजमी द्वारा दिए गए औरंगजेब वाले बयान पर भी समाजवादी पार्टी (सपा) को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा उस व्यक्ति को आदर्श मानती है, जिसने भारत के लोगों पर जजिया कर लगाया था। उन्होंने सपा से मांग की कि ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए। सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश भेजा जाना चाहिए, जहां उनका ठीक से इलाज हो सकता है। सीएम योगी ने यह भी कहा कि आज समाजवादी पार्टी डॉक्टर लोहिया के सिद्धांतों से काफी दूर जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा अब औरंगजेब को अपना आदर्श मानने लगी है, जो भारत की आस्था को नुकसान पहुंचाने आया था और भारत का इस्लामीकरण करना चाहता था। उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्य व्यक्ति अपनी औलाद का नाम औरंगजेब नहीं रखता।