Wednesday, 30 Sep 2026

अब पब्लिक प्लेस पर थूका तो खैर नहीं... गडकरी का अनोखा सुझाव

नागपुर (03 अक्टूबर 24)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुटखा और पान मसाला खाने वाले लोगों की सड़क पर थूकने की आदत पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी आदतों से सड़कों की साफ-सफाई पर असर पड़ता है। गडकरी ने सुझाव दिया कि गुटखा थूकने वालों की तस्वीरें ली जाएं और उन्हें अखबारों में प्रकाशित किया जाए, ताकि लोग अपनी गलती को समझ सकें। स्वच्छ भारत मिशन की 10वीं सालगिरह के मौके पर नागपुर में अपने भाषण में गडकरी ने इस मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब लोग विदेश जाते हैं, तो वे अपने व्यवहार में बदलाव लाते हैं। चॉकलेट खाने के बाद रैपर को जेब में रखते हैं, जबकि अपने देश में उन्हें फेंकने में संकोच नहीं करते।

गडकरी ने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वे भी ऐसी ही आदतें रखते थे, लेकिन अब उन्होंने अपने व्यवहार में सुधार किया है। अब वह खाने-पीने के बाद कचरा अपने साथ रखते हैं और उसे उचित स्थान पर फेंकते हैं। गडकरी ने यह भी कहा कि गुटखा खाने वाले लोगों की आदत को बदलने का एक ही तरीका है। जो लोग सड़क पर थूकते हैं, उनकी तस्वीरें खींची जाएं और फिर अगले दिन उन्हें अखबार में छापा जाए। इस तरह से लोगों को उनकी गलती का अहसास होगा। स्वच्छ भारत अभियान की 10वीं सालगिरह पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंडारा पार्क में सफाई की और सांसदों ने संसद में सफाई अभियान में भाग लिया। यह पहल देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रयास है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!