नईदिल्ली (16 दिसंबर 24)। भारत में एयरपोर्ट्स पर खाने-पीने की चीजें हमेशा से महंगी रही हैं, और यात्रियों को चाय, कॉफी, पानी तक के लिए अधिक दाम चुकाने पड़ते थे। लेकिन अब इस समस्या से निजात मिलने वाली है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री, किंजरापु राममोहन नायडू ने घोषणा की है कि जल्द ही सभी प्रमुख एयरपोर्ट्स पर किफायती दामों पर खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत 'उड़ान यात्री कैफे' की शुरुआत की जाएगी, जो यात्रियों को सस्ते दामों पर चाय, कॉफी, पानी और अन्य स्नैक्स प्रदान करेगा। यह नई पहल पहले कोलकाता एयरपोर्ट से शुरू होगी, जो कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 100 साल पूरे होने और 'UDAN' योजना के 8 साल पूरे होने के मौके पर लॉन्च की जाएगी। मंत्री ने यह घोषणा दिल्ली में आयोजित शताब्दी समारोह के दौरान की, जिसमें एयरपोर्ट के विकास और यात्री सुविधा को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। नई योजना के तहत कोलकाता एयरपोर्ट के डिपार्चर एरिया में एक विशेष 'यात्री उड़ान कैफे' स्थापित किया जाएगा, जहां यात्रियों को सस्ती दरों पर चाय, कॉफी, पानी, स्नैक्स और अन्य खाने-पीने की चीजें उपलब्ध होंगी। यह कैफे एयरपोर्ट पर भोजन और पेय पदार्थों की महंगाई को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मंत्री ने बताया कि यह पहल उड़ान योजना के तहत यात्रियों को किफायती हवाई यात्रा के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान करेगी।