लखनऊ (11 नवंबर 24)। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब मिड डे मील के अलावा बच्चों को पौष्टिक नाश्ता भी दिया जाएगा। यह नाश्ता साप्ताहिक पोषण कार्यक्रम के तहत हर हफ्ते एक दिन दिया जाएगा। इस योजना के तहत, छात्रों को बाजरे के लड्डू, मूंगफली की चिक्की और भुना चना जैसे स्नैक्स दिए जाएंगे। इस नई पहल के लिए राज्य सरकार ने पहले चरण में 95 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं और योजना इसी माह नवंबर से शुरू हो जाएगी।
यूपी के सरकारी स्कूलों में बच्चों को अब गुरुवार के दिन मिड डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता मिलेगा। इस नाश्ते में मूंगफली की चिक्की, बाजरे के लड्डू और भुना चना शामिल होगा, जो ठंड के मौसम और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए चुने गए हैं। इस योजना के बारे में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए थे कि नवंबर से इसे लागू किया जाए। राज्य के सरकारी स्कूलों में अब तक 1.74 करोड़ छात्रों को पीएम पोषण योजना के तहत मिड डे मील दिया जा रहा है। इस योजना में रोज अलग-अलग प्रकार का पौष्टिक भोजन दिया जाता है, जिससे बच्चों की रुचि बनी रहती है। अब इस योजना में नया नाश्ता जोड़ा जाएगा, जिससे बच्चों को और भी अधिक पोषण मिलेगा।