Tuesday, 29 Sep 2026

अमरनाथ यात्रा: बसों की टक्कर, 36 श्रद्धालु घायल

पहलगाम (05 जुलाई 25)। अमरनाथ यात्रा के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम की ओर जा रहे तीर्थयात्रियों के काफिले में शामिल तीन बसें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में कम से कम 36 श्रद्धालु घायल हुए हैं। ये बसें जम्मू के भगवती नगर से दक्षिण कश्मीर के पहलगाम बेस कैंप की ओर जा रहे काफिले का हिस्सा थीं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकूट के पास हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना एक बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुई, जिसने बाद में दो अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई।

शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे से 4:05 बजे के बीच अमरनाथ यात्रा का चौथा जत्था भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हुआ। इसमें कुल 6,979 श्रद्धालु शामिल थे, जिनमें 5,196 पुरुष, 1,427 महिलाएं, 24 बच्चे, 331 साधु-साध्वी और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस जत्थे में से 4,226 श्रद्धालु 161 वाहनों के जरिए 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम रूट पर नुनवान आधार शिविर की ओर निकले। वहीं, 2,753 यात्री 151 वाहनों में सवार होकर बालटाल मार्ग से यात्रा पर निकले, जो छोटा लेकिन कठिन रास्ता माना जाता है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!