नईदिल्ली (19 दिसंबर 24)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया और मांग की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनका बचाव करने के बजाय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री को बाबासाहेब के प्रति श्रद्धा है तो उन्हें यह कदम उठाना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘अमित शाह ने जो बात कही वह निंदनीय है। यह देश का दुर्भाग्य है कि एक दलित नायक, जो सबके लिए पूजनीय है, के बारे में इस तरह की टिप्पणी की गई है।' उन्होंने दावा किया कि स्वर्ग और नरक की बात मनुस्मृति की बात है तथा ये लोग संविधान को नहीं मानते। खरगे ने गृह मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि अमित शाह की गलती नहीं है क्योंकि जिस स्कूल में पढ़े हैं वहां यही पढ़ाया जाता है।
कांग्रेस प्रमुख का कहना था कि प्रधानमंत्री ने गृह मंत्री का बचाव करने के लिए एक्स पर छह पोस्ट किये। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब के बारे में गलत बोलने पर शाह को मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए था। खरगे ने कहा, 'हम चाहते है कि शाह को गृह मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री को आंबेडकर के प्रति श्रद्धा है तो शाह को आज रात 12 बजे तक बर्खास्त करना चाहिए।' इससे पहले खरगे ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि शाह की टिप्पणी का यह मतलब था कि बाबासाहेब का नाम लेना भी गुनाह है।