कोलकाता (03 अप्रैल 26)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। ऐसे में सियासी सरगर्मी चरम पर है।हाल ही में BJP और TMC के बीच टक्कर देखने को मिली है। बंगाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने वहां की सीएम ममता बनर्जी को ललकारते हुए कहा है कि वे बंगाल में चुनाव की कमान को संभालेंगे। इसी के चलते अगले 15 दिनों तक वहीं रहेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि अमित शाह बंगाल में बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए पहुंचे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया को बृहस्पतिवार को एक 'हाई-वोल्टेज' राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का 'शॉर्टकट' मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनकी अपनी सीट पर हराना है। शाह ने कहा कि वैसे तो भाजपा को बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए 170 सीट जीतनी होंगी लेकिन केवल भवानीपुर में अधिकारी की जीत से ही राज्य की राजनीति में अपने आप परिवर्तन आ जाएगा। शाह ने दक्षिण कोलकाता में हाजरा क्रॉसिंग से रोड शो शुरू करने से पहले एक रैली को संबोधित करते हुए भवानीपुर के मुकाबले को केवल एक और विधानसभा सीट की लड़ाई के रूप में नहीं, बल्कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा के अभियान के प्रतीकात्मक केंद्रबिंदु के रूप में प्रस्तुत किया। शाह ने रैली में मौजूद लोगों से कहा, 'पश्चिम बंगाल में परिवर्तन होगा लेकिन भवानीपुर में परिवर्तन होना चाहिए या नहीं?' उन्होंने कहा, 'मैं भवानीपुर के लोगों से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि पूरे राज्य की मुक्ति के लिए हमारे उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को भारी अंतर से जीत दिलाएं।' शाह से पहले अधिकारी ने हाजरा क्रॉसिंग पर समर्थकों को संबोधित किया और कथित 'भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था एवं तुष्टीकरण की राजनीति को लेकर' तृणमूल सरकार पर हमला बोला।