Thursday, 01 Oct 2026

अमेरिका की कैरेबियन क्षेत्र में जबरदस्त सैन्य तैयारी !

वाशिंगटन (25 अक्टूबर 25)। वेनेजुएला के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने कैरेबियन क्षेत्र में  अपनी सैन्य उपस्थिति को जबरदस्त तरीके से बढ़ा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एयरक्राफ्ट कैरियर ग्रुप ‘यूएसएस जेराल्ड फोर्ड’ को लैटिन अमेरिका भेजने का आदेश दिया, जो अब तक के किसी भी एंटी-नारकोटिक्स मिशन से बड़ा कदम माना जा रहा है। इसे वॉशिंगटन की अब तक की सबसे सशक्त सैन्य कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। इस तैनाती में शामिल हैं- 5,000 से अधिक नाविक और कर्मी, 75 फाइटर जेट' 8 अतिरिक्त युद्धपोत' 1 परमाणु पनडुब्बी और एफ-35 लड़ाकू विमान। 

विश्लेषकों का कहना है कि यह कदम क्षेत्रीय देशों के लिए चिंता का विषय बन सकता है और अमेरिका के इरादों पर सवाल खड़े कर सकता है। ट्रम्प प्रशासन लंबे समय से निकोलस मादुरो की सरकार पर आरोप लगाता रहा है कि वे मादक पदार्थों के तस्करों को संरक्षण दे रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पर्नेल ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “यूएसएस साउथकॉम क्षेत्र में बढ़ी हुई अमेरिकी सैन्य उपस्थिति हमारी क्षमता बढ़ाएगी, ताकि हम अवैध गतिविधियों का पता लगा सकें, उन्हें रोक सकें और समाप्त कर सकें, जो अमेरिका और पश्चिमी गोलार्ध की स्थिरता के लिए खतरा हैं।' हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि एयरक्राफ्ट कैरियर कब लैटिन अमेरिका पहुंचेगा। कुछ दिनों पहले तक यह पोत यूरोप में जिब्राल्टर की खाड़ी से गुजर रहा था।

सितंबर 2025 की शुरुआत से अमेरिकी सेना ने कैरेबियन सागर में कथित ड्रग तस्करी जहाजों पर 10 हवाई हमले किए, जिनमें लगभग 40 लोग मारे गए। इनमें से कुछ मृतक वेनेजुएला के नागरिक थे। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बार-बार आरोप लगाया है कि अमेरिका उनकी सत्ता से हटाने की साजिश कर रहा है। अगस्त में, अमेरिकी प्रशासन ने मादुरो की गिरफ्तारी में मदद करने वाले सूचना प्रदाता के लिए पुरस्कार राशि को 2.5 करोड़ डॉलर से बढ़ाकर 5 करोड़ डॉलर कर दिया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!