नईदिल्ली (11 अक्टूबर 25)। देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने में जुटी सरकार के लिए यह खबर थोड़ी निराशाजनक है। अमेरिकी हाई टैरिफ की चुनौतियों से जूझ रहे भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 3 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में भारत का फॉरेक्स रिजर्व 27.6 करोड़ डॉलर घटकर 699.96 अरब डॉलर पर आ गया। यानी 700 अरब डॉलर का स्तर एक बार फिर टूट गया।
इससे पहले वाले सप्ताह में भी भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.33 अरब डॉलर घटकर 700.24 अरब डॉलर रह गया था। RBI के मुताबिक, 3 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (Foreign Currency Assets)- जो भंडार का प्रमुख घटक हैं- 4.05 अरब डॉलर घटकर 577.71 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का असर भी इन परिसंपत्तियों पर पड़ा है। हालांकि, इस बीच देश का स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) 3.75 अरब डॉलर बढ़कर 98.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार (SDR) भी 2.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.81 अरब डॉलर हो गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत का आरक्षित भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 4.66 अरब डॉलर रह गया। विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये ने हल्की मजबूती दिखाई। शुक्रवार को रुपया 10 पैसे की बढ़त के साथ 88.69 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। हालांकि, अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने इस तेजी को सीमित रखा। रुपया दिनभर 88.50 से 88.80 के दायरे में कारोबार करता रहा।