वाशिंगटन (06 जनवरी 25)। अमेरिका ने H-1B वीजा धारकों के लिए एक नई नवीनीकरण योजना शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत अब वीजा धारकों को दस्तावेज़ों के नवीनीकरण के लिए अपने देश लौटने की आवश्यकता नहीं होगी। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने यह जानकारी साझा की। इस कार्यक्रम को 2025 में औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा, जिससे उन भारतीय पेशेवरों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें अब तक वीजा नवीनीकरण के लिए भारत आना पड़ता था। दूतावास के बयान के अनुसार, अमेरिका में H-1B वीजा धारकों के नवीनीकरण का यह कार्यक्रम पायलट प्रोग्राम की सफलता के बाद शुरू किया जा रहा है। 'इस पायलट प्रोग्राम ने हजारों पेशेवरों को बिना देश छोड़े वीजा नवीनीकरण की सुविधा दी। अब यह प्रक्रिया 2025 में औपचारिक रूप से लागू की जाएगी। '
H-1B वीजा धारकों के लिए वीजा नवीनीकरण के लिए भारत लौटने की आवश्यकता एक बड़ी समस्या रही है। वीजा स्टैम्पिंग के लिए निश्चित अपॉइंटमेंट स्लॉट्स की कमी अक्सर परेशानी का कारण बनती है। यह नई योजना ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका में H-1B वीजा को लेकर बहस तेज हो गई है। H-1B वीजा को लेकर यह तर्क दिया जा रहा है कि भारतीय पेशेवर अमेरिकी श्रमिकों की जगह ले रहे हैं। हालांकि, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क जैसे कई प्रमुख हस्तियों ने इस प्रोग्राम का समर्थन किया है। उनका मानना है कि अमेरिका में कुशल इंजीनियरों और विशेषज्ञों की कमी को पूरा करने के लिए यह वीजा कार्यक्रम आवश्यक है।