नईदिल्ली (24 फरवरी 25)। अमेरिका से अवैध रूप से रह रहे भारतीयों की वापसी का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को एक और विमान में 12 भारतीयों को पनामा से भारत भेजा गया। इनमें से चार लोग पंजाब के हैं। खास बात यह है कि इन्हें अमेरिका ने विशेष विमान की बजाय एक सामान्य विमान से भेजा। सभी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जहां भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं।
अब तक अमेरिका ने तीन सैन्य विमानों से कुल 332 भारतीयों को भारत भेजा है, और रविवार को आम विमान से 12 और भारतीयों को भेजा गया। इस प्रकार, अब तक 344 भारतीयों को अमेरिका से वापस भेजा जा चुका है। पहला विमान 5 फरवरी को भारत के अमृतसर में उतरा था, जिसमें 104 लोग सवार थे, जिनमें 30 पंजाबी थे। इसके बाद 15 और 16 फरवरी को भी 116 और 112 भारतीयों को अमेरिका से भारत भेजा गया था। अमेरिका ने कई देशों से समझौता किया है, जिसके तहत अवैध प्रवासियों को पहले दूसरे देशों में भेजा जा रहा है, जो इन देशों को ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल करते हैं। इन देशों में पनामा, ग्वाटेमाला और कोस्टा रिका शामिल हैं। इस समझौते के तहत, अमेरिका से निर्वासित किए गए प्रवासी पहले पनामा जैसे देशों में रखे जा रहे हैं और कुछ दिन बाद उन्हें उनके अपने देशों में भेजा जा रहा है।