नई दिल्ली (10 अप्रैल 26)। मिडल ईस्ट जंग के बीच भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर एक सकारात्मक संदेश सामने आया है। ईरान के साथ युद्ध विराम दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा है कि दोनों देश एक-दूसरे के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं और उनकी साझेदारी बेहद मजबूत हो सकती है। नई दिल्ली स्थित US Embassy in India ने वेंस के इस बयान को साझा किया। वेंस ने अपने भारत दौरे (अप्रैल 2025) के दौरान कहा था कि भारत के पास दुनिया के सबसे बेहतरीन स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर में से एक है, जबकि अमेरिका के पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हार्डवेयर में बढ़त है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों देश मिलकर काम करें, तो टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
इसी बीच, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियों गोर ने भी भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ डिनर के दौरान दोनों देशों के रिश्तों और वैश्विक स्थिरता पर चर्चा की। राजदूत ने इस मुलाकात को 'यादगार' बताते हुए कहा कि ट्रंप प्रशासन भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, अमेरिकी वाणिज्य सचिव होवार्ड लुट्निक के साथ बैठक में AI, व्यापार और निवेश को लेकर नई योजनाओं पर चर्चा हुई। इसमें भारत के फार्मा सेक्टर के अमेरिका में निवेश और सप्लाई चेन मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल थे।