वाशिंगटन (22 सितंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच द्विपक्षीय बैठक संपन्न हुई। इससे पहले, क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए पीएम मोदी अमेरिका पहुंचे हैं। पीएम मोदी का विमान शनिवार को फिलाडेल्फिया एयरपोर्ट पर उतरा। अपनी तीन दिवसीय अमेरिकी दौरे पर पीएम मोदी क्वाड लीडर्स समिट और संयुक्त राष्ट्र के 'भविष्य के शिखर सम्मेलन' में भाग लेंगे। इस दौरान उनका जोर अमेरिका और अन्य इंडो-पैसिफिक सहयोगियों के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंधों को मजबूत करने पर होगा। पीएम मोदी का भारतीय समुदाय ने शानदार स्वागत किया।
इससे पहले पीएम मोदी के अमेरिका पहुंचने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति, जो बाइडेन ने उनके स्वागत में एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, आज मैं प्रधानमंत्री अल्बनीज, पीएम मोदी और किशिदा का अपने घर डेलावेयर में स्वागत करूंगा। ये नेता न केवल एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं, वे मेरे और हमारे राष्ट्र के मित्र भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी अपने अमेरिकी दौरे के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडेन और क्वाड समूह के अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। इसमें ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथोनी अल्बानीज और जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो शामिल हैं।
इस बैठक के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच भारत-प्रशांत आर्थिक ढांचे से जुड़े कुछ अहम समझौतों और भारत-अमेरिका ड्रग फ्रेमवर्क से जुड़े समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद एक पत्र भी जारी किया जाएगा। ऐसा पहली बार है कि जो बाइडेन राष्ट्रपति के रूप में विलमिंगटन में विदेशी नेताओं की मेजबानी भी करेंगे। यहां उनके घर पर रात्रिभोज का भी आयोजन होगा। बता दें कि क्वाड- भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का एक समूह है। क्वाड देशों की आबादी 1.9 बिलियन है।