तेहरान (17 अगस्त 26)। पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच लगातार जारी तनाव के बीच ईरानी सेना ने एक बड़ा ऐलान किया है। सेना के मुताबिक, हमलावर अमेरिकी मिलिट्री के किसी भी सैनिक को जिंदा पकड़ने या मारने पर 30,000 डॉलर (लगभग 5 बिलियन तोमन) के बराबर का इनाम दिया जाएगा। सेना प्रमुख आमिर हतामी ने यह भी घोषणा की है कि अगर इस कार्रवाई को कोई हिम्मत वाली ईरानी महिला अंजाम देती है, तो उसे दोगुना इनाम दिया जाएगा।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA की रिपोर्ट के अनुसार, देश के आर्मी चीफ आमिर हतामी ने बताया कि वित्तीय मदद में योगदान देने के लिए बड़ी संख्या में जनता के अनुरोध प्राप्त होने के बाद इस योजना को अंतिम रूप दिया गया। हालांकि, हतामी ने अमेरिकी सैनिकों को कहां या कब निशाना बनाया जाएगा, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। गौरतलब है कि इस युद्ध के दौरान अप्रैल में एक मृत अमेरिकी पायलट के रेस्क्यू मिशन को छोड़कर, ईरान में अमेरिका की कोई जमीनी सेना (ग्राउंड फोर्स) तैनात नहीं की गई है। अमेरिका और ईरान के बीच यह भीषण संघर्ष इस साल 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने इजराइल की बेंजामिन नेतन्याहू सरकार के साथ मिलकर तेहरान और देश के कई अन्य हिस्सों पर हमले किए थे। इस युद्ध के पहले ही दिन ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और पड़ोसी अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर ताबड़तोड़ हमले किए।