अयोध्या (20 अक्टूबर 25)। उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में रविवार को दो विश्व कीर्तिमान बनाए गए। भव्य दीपोत्सव समारोह के दौरान एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्ज्वलित किये गये और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती की। यह दोनों ही उपलब्धियां विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज की गई हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' के प्रतिनिधियों ने ड्रोन से की गई दीयों की गणना की पुष्टि के बाद इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की। बयान के अनुसार, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज प्रमाण पत्र प्रदान किया। पहला गिनीज पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा सबसे बड़ी संख्या में तेल के दीये जलाने के लिए दिया गया। बयान के अनुसार, दूसरा गिनीज पुरस्कार सर्वाधिक लोगों (2128) द्वारा एक साथ आरती करने के लिए दिया गया। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अयोध्या और सरयू आरती समिति, अयोध्या को प्राप्त हुआ।
दीपोत्सव के पूर्व एक समारोह में मुखयमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के लिए सदियों चले संघर्ष का जिक्र किया और आजादी के बाद भी हिन्दुओं के इस प्रमुख आस्थालय की दुर्दशा के लिए कांग्रस और सपा सहित अन्य विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या मुद्दे को विवादास्पद बनाया और लोगों को गुमराह किया। ये लोग न राम मंदिर के उद्घाटन में आये और न ही इनकी भगवान राम में आस्था है। उलटे कांग्रेस ने अदालत में भगवान राम के अस्तित्व को ही अस्वीकार कर था। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि अयोध्या, वाराणसी की तरह जल्द ही मथुरा में भी भगवान् श्री कृष्ण की जन्मस्थली मुक्त होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज अयोध्या सामाजिक, आर्थिक और संस्कृतिक रूप से विकसित हो चूका है। यही नहीं देश के पर्यटन स्थलों में अयोध्या प्रमुख केंद्र बन चूका है। इससे यहां के लोगों की जीवन शैली में बदलाव आया है। भविष्य में यह और निखरेगा। सीएम ने अयोध्या दीपोत्सव को भी देश और दुनिया के लिए आदर्श उदहारण बताया। दीपोत्सव के मौके पर अयोध्या में सरयू किनारे लेजर शो सहित कई सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुए। इस दौरान पूरी अयोध्या की जगमगाहट देखते ही बन रही है।