Sunday, 04 Oct 2026

असम में कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी छोड़ी

नईदिल्ली (18 मार्च 26)। असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। नौगांव सीट से दो बार के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नवज्योति तालुकदार ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब असम में सभी राजनीतिक दल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं।

नवज्योति तालुकदार ने मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे अपने इस्तीफे में पार्टी की कार्यशैली और फैसलों पर सवाल उठाए। सूत्रों के अनुसार, प्रद्युत बोरदोलोई भी जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रद्युत बोरदोलोई असम में कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने 1998 में मार्गेरिटा विधानसभा सीट से विधायक बनकर राजनीति की शुरुआत की। 1998 से 2016 तक लगातार चार बार विधायक रहे। 2001 से 2015 के बीच असम सरकार में मंत्री भी रहे। उन्होंने राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। बोरदोलोई ने 2019 में नौगांव लोकसभा सीट से जीत दर्ज की, जिससे उनका राजनीतिक प्रभाव और बढ़ गया। जमीनी स्तर पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है, इसलिए उनका इस्तीफा कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

हालांकि बोरदोलोई ने अपने अगले कदम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में असम में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ा है। खासकर 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के केवल 29 सीटों पर सिमटने के बाद कई नेताओं ने पार्टी की रणनीति और नेतृत्व पर सवाल उठाए थे।


Tags:

Follow us

This question is not available..!