धुबरी (01 मई 24)। असम में ‘माफिया राज' होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा राज्य में अनेक घोटालों में शामिल हैं। धुबरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने दावा किया कि शर्मा का असम में एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के नेता बदरुद्दीन अजमल से उसी तरह ‘गुप्त समझौता' है, जैसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का तेलंगाना में असदुद्दीन ओवैसी के साथ है और इन दोनों दलों का उद्देश्य कांग्रेस को हराना है।
उन्होंने कर्नाटक के सांसद प्रज्वल रेवन्ना पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके लिए वोट मांगे और फिर उन्हें देश छोड़ने से नहीं रोका। प्रियंका ने कहा, ‘असम में माफिया राज है। जमीन, सुपारी, रेत, कोयला और अन्य सभी क्षेत्रों में माफिया काम कर रहे हैं। हर जगह जबरन वसूली हो रही है और माफिया काम कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की संपत्तियां, पीपीई किट और फ्लाईओवर समेत सभी तरह के घोटाले और लगातार गौ तस्करी हो रही है, लेकिन केवल एक चीज नहीं हो रही है और वह राज्य में विकास।