गुवाहाटी (18 अक्टूबर 24)। असम के दिबालोंग स्टेशन पर गुरूवार को दोपहर बाद करीब 3:55 बजे अगरतला-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इस घटना में इंजन समेत 8 डिब्बे पटरी से उतरे हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना लुमडिंग डिविजन के अंतर्गत लुमडिंग-बर्डरपुर हिल सेक्शन में हुई।
ट्रेन गुरुवार सुबह रवाना हुई थी, और जैसे ही दुर्घटना की जानकारी मिली, रेलवे अधिकारियों और पुलिस की टीम घटनास्थल पर रवाना हो गई। मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे हैं। दुर्घटना के बाद लुमडिंग-बदरपुर सिंगल लाइन सेक्शन पर ट्रेन परिचालन को निलंबित कर दिया गया है। यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03674 263120 और 03674 263126 जारी किए गए हैं। घटना की वजहों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। सीएम ने लिखा, 'ट्रेन 12520 अगरतला-एलटीटी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे गुरूवार को 3:55 बजे लुमडिंग के पास डिबालोंग स्टेशन पर पटरी से उतर गए। हम रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।'