Monday, 28 Sep 2026

आंगनवाड़ी की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे आयुक्त

भोपाल (11 सितंबर 26)। नवागत महिला एवं बाल विकास के आयुक्त संदीप जी.आर. ने मैदानी स्तर पर विभागीय सेवाओं की स्थिति जानने के लिए सीहोर जिले के आंगनवाड़ी केंद्र डोडी क्रमांक-58 का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और अन्य हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों के लिए उपलब्ध नाश्ता एवं गर्म पके भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे स्थानीय टेक होम राशन, शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों तथा केंद्र पर प्रदाय की जा रही अन्य पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।

आयुक्त ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर पर प्रतिदिन उपलब्ध कराए जा रहे वीडियो के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की पोषण वाटिकाओं में 20 मोरिंगा (सहजन/मुनगा) के पौधे लगाए जाएं। साथ ही, बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की पौष्टिकता बढ़ाने के लिए केंद्र पर तैयार की जाने वाली रोटी अथवा पूरियों में चुकंदर, मोरिंगा (सहजन) की पत्तियां आदि स्थानीय पोषक सामग्री का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री का बेहतर उपयोग बच्चों के पोषण स्तर में सुधार की दिशा में प्रभावी कदम हो सकता है।आयुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों और महिला हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से केंद्र पर मिलने वाले नाश्ते और गर्म पके भोजन के स्वाद एवं गुणवत्ता के बारे में बातचीत की तथा हितग्राहियों से पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने बच्चों के साथ संचालित शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!