नईदिल्ली (28 अक्टूबर 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 115वें एपिसोड में उन्होंने कहा, 'अब आत्मनिर्भर भारत अभियान एक जन-आंदोलन बनता जा रहा है। इसी महीने हमने लद्दाख के हान्ले में एशिया के सबसे बड़े 'इमेजिंग टेलीस्कोप MACE' का उद्घाटन किया। यह 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है... एक ऐसी जगह जहां ठंड -30 डिग्री से भी कम है, जहां ऑक्सीजन तक की कमी है, हमारे वैज्ञानिकों और स्थानीय उद्योग ने वो कर दिखाया है जो एशिया के किसी और देश ने नहीं किया। हान्ले टेलिस्कोप भले ही दूर की दुनिया देख रहा हो, लेकिन ये हमें आत्मनिर्भर भारत की ताकत भी दिखा रहा है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'त्योहारों के इस मौसम में हम सब आत्मनिर्भर भारत के इस अभियान को और मजबूत करते हैं। हम वोकल फॉर लोकल के मंत्र के साथ अपनी खरीदारी करते हैं। यह नया भारत है जहां मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड बन गया है... हमें न सिर्फ भारत को आत्मनिर्भर बनाना है बल्कि अपने देश को इनोवेशन के ग्लोबल पावरहाउस के रूप में स्थापित करना है।' यह 'मन की बात' 115वां एपिसोड था। मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को इस रेडियो कार्यक्रम की मदद से देशवासियों से बातचीत करते हैं।हाल ही में 30 अप्रैल 2023 को इस कार्यक्रम ने अपने 100 एपिसोड पूरे किए थे। 'मन की बात' कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी, जो विजयादशमी के दिन भी था।