Tuesday, 29 Sep 2026

आत्मविश्वास सफलता की कुंजी: उदयप्रताप सिंह

नरसिंहपुर (22 अगस्त 26)। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरुस्कृत किया। विज्ञान मॉडल में नर्मदापुरम संभाग की अदिति लौवंशी, गणित में जबलपुर संभाग की अंबिका साहू, इतिहास में ग्वालियर की सायनी जाटव, पर्यावरण में सागर की दिव्या पटेल, भूगोल में उज्जैन के अर्शल्म मंसूरी और राजनीति विज्ञान में ग्वालियर की सहजवीर कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मंत्री सिंह सहित अतिथियों द्वारा सेमिनार, पर्यावरण गीत, लघुनाटिका एवं प्रश्न मंच विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही हालिया सचिव स्तर से प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाली शिक्षिका सुश्री आकांक्षा राजोरिया को भी सम्मानित किया गया। मॉडल विधा के विज्ञान विषय में नर्मदापुरम संभाग की अदिति लौवंशी प्रथम, ग्वालियर की लवली लोधी एवं जबलपुर के आर्यन वर्मा द्वितीय, जबकि रीवा के नंद जी तृतीय रहे। गणित में जबलपुर संभाग की अंबिका साहू प्रथम रहीं। जबलपुर के प्रफुल्ल मिश्रा, सागर की राज बाई एवं उज्जैन के करन भूरिया द्वितीय, जबकि ग्वालियर के समर बघेल तृतीय रहे। इतिहास में ग्वालियर की सायनी जाटव प्रथम, जबलपुर की आयुषी प्रजापति द्वितीय और नर्मदापुरम की कविता तृतीय रहीं। पर्यावरण विषय में सागर संभाग की दिव्या पटेल प्रथम, नीरज प्रजापति एवं अरुणा अग्रवाल द्वितीय तथा जबलपुर की शिवानी रजक तृतीय रहीं। भूगोल में उज्जैन संभाग के अर्शल्म मंसूरी प्रथम, सागर की अंबिका पाठक द्वितीय और इंदौर के परवेश आर्य तृतीय रहे। राजनीति विज्ञान में ग्वालियर की सहजवीर कौर प्रथम, इंदौर की उर्वशी द्वितीय और भोपाल की पूजा यादव तृतीय रहीं।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री सिंह ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। विद्यार्थियों के चेहरों में उन्हें भारत का उज्जवल भविष्य दिखाई देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़-लिखकर जीवन में उन्नति करने, देश सेवा में योगदान देने और स्वावलंबी बनकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को इन मूल्यों के प्रति निरंतर प्रेरित करें, जिससे वे सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश पाठक, नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम प्रगति वर्मा, संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी, एनसीईआरटी से पीवी राघवेंद्रा, राज्य शिक्षा केंद्र के समन्वयक सुनील श्रीवास्तव एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डीपीसी प्रदीप कुमार द्विवेदी, बीईओ सीमा डोंगरे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और प्रदेशभर से आए विद्यार्थी मौजूद रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!