Monday, 28 Sep 2026

आप के बयान पर लवली सिंह का पलटवार

नईदिल्ली (29 अप्रैल 24)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने कांग्रेस की दिल्ली इकाई प्रमुख पद से अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे के एक दिन बाद, लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय राजधानी में दोनों दलों के बीच हुए गठजोड़ का श्रेय उन्हें दिया और उनकी सराहना की। लवली ने कांग्रेस और आप के बीच हुए गठजोड़ की आलोचना करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख पद से रविवार को इस्तीफा दे दिया था। सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुये लवली ने कहा कि जब ‘इंडिया' गठबंधन का गठन हुआ था, वह कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख नहीं थे।

उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद से आप नेता ‘सदमे' में हैं। आप के राज्यसभा सदस्य सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी के गठजोड़ का श्रेय लवली को भी जाता है। कांग्रेस नेता लवली के अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, 'मैं यह जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि लवली ने कांग्रेस के साथ हमारे गठजोड़ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुझे अब उनके विपरित विचारों के कारणों की जानकारी नहीं है।' उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लवली ने कहा, ‘‘संजय सिंह एक अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन मुझे लगता है कि वह अब भी सदमे हैं। जेल से बाहर आने के बाद वह सामान्य नहीं हो पाए हैं।'

लवली ने कहा, ‘जब अप्रैल में इंडिया गठबंधन का गठन हुआ था मैं (कांग्रेस की दिल्ली इकाई का) प्रमुख नहीं था। मैं उस वक्त भी इस पद पर नहीं था जब बेंगलुरु में इसकी दूसरी बैठक हुई थी। मुंबई में तीसरी बैठक होने के दौरान भी मैं इस पद पर नहीं था।' उन्होंने कहा, ‘जब मैं (प्रदेश कांग्रेस) अध्यक्ष बना, दुर्भाग्य से वह (सिंह) जेल चले गए थे। उन्हें कैसे पता चला कि मैंने (कांग्रेस-आप गठजोड़) में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसका मतलब है कि जेल में कोई होगा जो उन्हें बाहर निकाला करता होगा।' सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। वह अभी जमानत पर जेल से बाहर हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!