इंदौर (26 अक्टूबर 25)। महिला क्रिकेट विश्वकप का मुकाबला खेलने के लिए इंदौर आई ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश अकील को एमआईजी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दो दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट आदि के 8 केस दर्ज हैं। इधर इस घटना के सामने आने के बाद से हंगामा मच गया है। मध्यप्रदेश किक्रेट एसोसिएशन ने इस पूरे प्रकरण को लेकर माफी मांगी है। वहीं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।
यह था घटनाक्रम- एमआईजी थाना टीआई सीबी सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। दोनों महिला खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पैदल कैफे द नेबरहुड की तरफ जा रही थी। तभी सफेद शर्ट और काली टोपी पहने बाइक सवार युवक उनका पीछा करने लगा। कुछ ही देर में आरोपी ने इनमें से एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और मौके से भाग निकला। घबराई दोनों खिलाड़ियों ने तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज किया और अपनी लाइव लोकेशन भेजी। जानकारी मिलते ही डैनी सिमंस ने टीम के सुमित चंद्रा से संपर्क कर मदद के लिए कार रवाना कर दी और खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल पहुंचाया। दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-माना नाम हैं। सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
ऐसे पकडाया आरोपी- घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा, कनाड़िया थाना क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। फुटेज में आरोपी की पहचान हुई और शुक्रवार शाम प?लिस ने आरोपी अकील निवासी खजराना को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को भी दे दी है। घटना के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। होटल से मैदान तक आने-जाने के रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने इस मामले में नाराजगी व्यक्त करते हुए इंटेलिजेंस विंग को फटकार भी लगाई है।
एमपीसीए ने माफी मांगी- एमपीसीए के सचिव सुधीर असनानी ने कहा कि दो खिलाड़ियों के साथ टीम होटल के पास सड़कों पर हुई दुर्व्यवहार और अनुचित व्यवहार की घटना से गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। किसी भी महिला को ऐसे आघात से नहीं गुजरना चाहिए। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित खिलाड़ियों के साथ हमारी पूरी संवेदना और समर्थन है। यह घटना उन सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है जो महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। इस घटना के बावजूद खिलाड़ियों का जिस साहस और दृढ़ संकल्प के साथ मैदान पर उतरना और अपने देश का गौरव बनाए रखना प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को हुए मैच में अदम्य हिम्मत का परिचय दिया है।
यह बोले विजयवर्गीय- इधर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुझे इस घटना की जानकारी मिली है। जिस भी आरोपी ने इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए।
लास्ट मैच था शनिवार को- एमपीसीए के अधिकारियों के अनुसार इस वर्ल्ड कप में इंदौर में कुल पांच मैच हुए है। जिसके लिए इंडिया, ऑस्टे्रलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैड की टीमें इंदौर आई थी। शनिवार को आखिरी मैच खेला गया है। रविवार को टीमें रवाना हो जाएगी।