मुंबई (05 मार्च 26)। टी20 वर्ल्ड कप के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा दिया। टीम इंडिया अब फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। सेमीफाइनल के सांसे रोक देने वाले मुकाबले में गुरूवार को भारत ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी। भारत ने यह रोमांचक मैच 7 रनों से जीता। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने 48 गेंद में 105 रनों शानदार पारी खेली, लेकिन वे इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके।
इंग्लैंड ने मैच में कड़ा संघर्ष किया, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर में 8 और 18वें ओवर में 6 रन देकर भारत की जीत तय कर दी थी। हार्दिक पांडया ने 19वें ओवर में सिर्फ 9 रन दिए, जबकि पहली गेंद पर छक्का लगा था। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार एंट्री की है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड का गुरूर तोड़ते हुए लगातार दूसरी और कुल चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है।अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना रविवार 8 मार्च को न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। भारतीय टीम की कोशिश लगातार दूसरी बार खिताबी जीतने की होगी।