Monday, 28 Sep 2026

इंदौर आएंगे राहुल, 'जेन जी' से करेंगे संवाद

इंदौर (31 अगस्त 26)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर आएंगे। वे यहां 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत करीब 50 हजार जेन जी युवाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस संगठन ने बड़े आयोजन के लिए नेहरू स्टेडियम की मांग की है। कार्यक्रम की अनुमति मिलने के बाद राहुल गांधी के दिल्ली स्थित कार्यालय की टीम इंदौर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेगी और स्थानीय संगठन को कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कांग्रेस ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। कार्यक्रम में इंदौर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और हॉस्टलों के अलावा आसपास के जिलों से भी युवाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी ने इसके लिए कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में छात्रों से सीधे संपर्क शुरू करने की तैयारी की है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार कार्यक्रम में राहुल गांधी के संबोधन से पहले एक प्रसिद्ध सिंगर का लाइव कंसर्ट भी प्रस्तावित है। आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक युवा का पंजीकरण अनिवार्य होगा। प्रवेश केवल 30 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को दिया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ युवाओं से जुड़े राज्य स्तरीय विषयों पर भी संवाद किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा राहुल गांधी के दिल्ली स्थित कार्यालय से तय की जा रही है। स्थानीय संगठन को व्यवस्थाओं और युवाओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नेहरू स्टेडियम की अनुमति मिलने के बाद तैयारियां तेज कर दी जाएंगी। 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत इससे पहले कोटा, पुणे, प्रयागराज और बिहार सहित अन्य स्थानों पर भी युवाओं के बीच कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इंदौर में होने वाले आयोजन को प्रदेश के सबसे बड़े युवा संवाद के रूप में तैयार करने की योजना है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!