इंदौर (30 अक्टूबर 25)। भारतीय जनता पार्टी में सत्ता और संगठन में नियुक्तियों की कवायद जारी है। इंदौर को संगठन के बाद अब नगर निगम में एक दर्जन और नए पार्षद मिलने जा रहे हैं। विश्वस्त्र सूत्रों के अनुसार इंदौर नगर निगम के नए एल्डरमैनों की सूची बनकर तैयार है। इसमें इंदौर पांचों विधानसभाओं के साथ राऊ विधानसभा को भी प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। इसकी घोषणा कभी भी हो सकती है।
इंदौर में संगठन के बाद देर से ही सही नगर निगम में एक दर्जन एल्डरमैनों की नियुक्ति होने जा रही है। इसमें शहरी क्षेत्र की छह विधानसभाओं को प्रतिनिधित्व देने के मकसद से प्रत्येक विधानसभा से दो एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। एल्डरमैन के चयन में अनुभव के साथ जातिगत समीकरण भी देखे गए है। इंदौर नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति में विधायकों के अलावा महापौर और सांसद की सलाह भी ली गई है। इस सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है और इसकी घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है।
इंविप्रा में भी नियुक्ति शीघ्र- भाजपा के सूत्र बता रहे हैं कि इंदौर विकास प्राधिकरण सहित प्रदेश के अन्य प्राधिकरण और निगम मंडलों में भी नियुक्ति के लिए सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर विकास प्राधिकरण में अपने किसी समर्थक को लाना चाहते हैं, जबकि इंदौर का दो नंबरी गुट यहां अपना वर्चस्व चाहता है। यही वजह है कि प्राधिकरण में नियुक्ति का मामला फिलहाल अधर में है, हालांकि संगठन स्तर पर इसे शीघ्र सुलझाने दावा किया जा रहा है। उम्मीद है कि इस पर भी जल्द निर्णय ले लिया जाएगा।