Monday, 28 Sep 2026

इंदौर में 'छात्रों की गूंज', राहुल गांधी आएंगे

इंदौर (30 अगस्त 26)। मध्यप्रदेश कांग्रेस अब छात्रों और युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से इंदौर में बड़े स्तर पर 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। हालांकि राहुल गांधी के दौरे, कार्यक्रम की तारीख और आयोजन स्थल पर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर बैठक हुई। इसमें केबी बायजु, सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले और रीना बोरासी सहित कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम के स्वरूप, आयोजन स्थल, छात्रों की भागीदारी और व्यवस्थाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। नेताओं को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपने और प्रदेशभर से छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है।

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए प्रदेश के इंदौर और जबलपुर शहरों के नाम पर विचार किया गया था। कांग्रेस ने इंदौर को प्राथमिकता दी है। इसकी प्रमुख वजह शहर का प्रदेश के बड़े शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित होना है। इंदौर में बड़ी संख्या में कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं। ऐसे में पार्टी को यहां बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की भागीदारी जुटने की उम्मीद है।

कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक मंच देने की तैयारी में है। शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े विषयों के साथ छात्रों की समस्याओं को कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाने की योजना है। इसके जरिए पार्टी युवाओं तक अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाने और छात्र वर्ग के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर देगी। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एआईसीसी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। अब इंदौर में हो रही बैठकों और तैयारियों के आधार पर कार्यक्रम का अंतिम स्वरूप तय किया जाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!