इंदौर (11 सितंबर 26)। मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन ने एक वीडियो जारी कर पुलिसकर्मी के कथित व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। शुभी जैन का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद सुलझाने पहुंचने पर एक पुलिसकर्मी ने उनसे कथित तौर पर ‘लेडीज जात’ कहकर बात की। मामले को लेकर ट्रैफिक डीसीपी ने कहा है कि यदि शिकायत में तथ्य सामने आते हैं तो पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक, इंदौर में सिग्नल पर एक पुलिसकर्मी और ई-रिक्शा चालक के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद को शांत कराने के लिए ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार पुलिसकर्मी ने ई-रिक्शा की फोटो खींचकर चालान बनाने की कोशिश की थी। इसी दौरान विवाद को रोकने पहुंचीं शुभी जैन से कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने कहा कि, ‘आप लेडीज जात हैं, आप मुझसे बात न करें।’ इस कथित टिप्पणी पर शुभी जैन ने नाराजगी जताई और बाद में वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी बात रखी। वीडियो में शुभी जैन ने कहा कि अगर पुलिस ही आम जनता के साथ इस तरह का व्यवहार करेगी, तो लोगों का पुलिस पर भरोसा कैसे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक वार्डन के तौर पर वह लोगों से प्यार और मुस्कान के साथ बात करने की कोशिश करती हैं, ताकि जनता के बीच पुलिस और प्रशासन के प्रति भरोसा कायम हो।
शुभी जैन ने कहा कि उनकी भूमिका लोगों से विवाद करने की नहीं, बल्कि रोड रेज जैसी घटनाओं को रोकने और लोगों को विवाद से बचाने की है। उनका कहना है कि पुलिस को देखकर लोगों के मन में डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का भाव पैदा होना चाहिए। हालांकि, इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान, उसकी ड्यूटी और कथित चालान प्रक्रिया को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। शुभी जैन ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका वीडियो पुलिस के खिलाफ नफरत फैलाने के उद्देश्य से नहीं है, बल्कि पुलिस-पब्लिक रिलेशन और पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठाने के लिए है। वहीं, मामले को लेकर ट्रैफिक डीसीपी ने कहा कि यदि इस तरह की बात हुई है, तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।