नईदिल्ली (10 जून 24)। भले ही कांग्रेस इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता पर काबिज न हो सकी लेकिन इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल के महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना में अधिक नए फॉलोअर्स बनाए हैं। दिसंबर 2023 और मई 2024 के बीच इंस्टाग्राम, ट्विटर और यूट्यूब पर गांधी के नए फॉलोअर्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जबकि लोकसभा चुनावों से पहले इन प्लेटफॉर्म पर मोदी द्वारा हर महीने नए फॉलोअर्स की संख्या में मामूली गिरावट आई या यह स्थिर रही। हालांकि मोदी और भाजपा इन सभी प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स की संख्या में सबसे आगे हैं, लेकिन डब्ल्यूपीपी ग्रुप समर्थित ग्रे वर्ल्डवाइड के स्वामित्व वाली डिजिटल-सोशल एजेंसी ऑटम ग्रे से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने दिसंबर और मई के बीच इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स पर उनसे अधिक नए फॉलोअर्स जोड़े हैं।
डाटा से पता चलता है कि इस अवधि के दौरान इंस्टाग्राम पर गांधी के फॉलोअर्स की संख्या में हर महीने औसतन 30% की वृद्धि हुई, जबकि फोटो और वीडियो शेयरिंग सोशल नेटवर्क पर मोदी के नए फॉलोअर्स की वृद्धि दर औसतन 5% प्रति माह घटी है। ट्विटर पर राहुल गांधी के नए फॉलोअर्स औसतन 61% प्रति माह की दर से बढ़े हैं, जबकि बड़े पैमाने पर मोदी के नए फॉलोअर्स की वृद्धि दर शून्य रही। यूट्यूब पर, गांधी के नए फॉलोअर्स औसतन 12% प्रति माह की दर से बढ़े हैं, जबकि मोदी के फॉलोअर्स की वृद्धि दर औसतन 3% घटी है। हालांकि पूर्ण रूप से मोदी के फॉलोअर्स की संख्या इन सभी प्लेटफॉर्म पर गांधी से बहुत आगे रही।