तेहरान (17 जून 25)। इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को इजरायल ने तेहरान स्थित ईरान के सरकारी टेलीविजन स्टूडियो पर मिसाइल हमला किया, जब एक न्यूज एंकर सहार इमामी लाइव न्यूज बुलेटिन पढ़ रही थीं। हमले के झटके से स्टूडियो हिल उठा और एंकर घबराकर अपनी कुर्सी छोड़ भाग गईं।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, हमले के कारण लाइव प्रसारण तुरंत बंद हो गया। एक महिला रिपोर्टर ने बताया कि जैसे ही धमाका हुआ, स्टूडियो में धूल और मलबा भर गया और कैमरे के पीछे लगा स्क्रीन टूट गया। इसके बाद चैनल ने रिकॉर्ड किए गए पुराने कार्यक्रम दिखाने शुरू कर दिए। इस हमले से एक घंटे पहले, इजरायल ने तेहरान के उस इलाके में रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी, जहां टीवी स्टूडियो स्थित हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह चेतावनी सैन्य एथिक्स का एक हिस्सा मानी जाती है, ताकि आम नागरिकों की जान बचाई जा सके।
इजराइली सेना ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने ईरान की हवाई सुरक्षा को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया है और अब उनके पास 'कुल वायु श्रेष्ठता' है। इजराइली मिसाइलें तेहरान समेत कई शहरों पर लगातार गिर रही हैं, जिससे आम जनता में दहशत का माहौल है। यह हमला इजराइल की सैन्य रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके अंतर्गत वह ईरान के प्रचार तंत्र और संचार साधनों को निशाना बना रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के हमलों से जनसंपर्क और मनोवैज्ञानिक युद्ध में इजराइल को बढ़त मिल सकती है।