तेलअवीव (20 जून 25)। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे भीषण सैन्य संघर्ष के बीच अब जंग डिजिटल मोर्चे पर भी पहुंच चुकी है। इजरायल ने ईरान पर एक बड़ा साइबर हमला किया है, जिससे उसके सरकारी मीडिया और बैंकिंग सेक्टर में भारी खलबली मच गई। रिपोर्टों के मुताबिक, इजरायली हैकर्स ने ईरान के सरकारी न्यूज चैनल को हैक कर लिया। हैक के दौरान टेलीविजन पर ईरानी महिलाओं के बाल काटते हुए वीडियो चलाए गए। जो महसा अमीनी की मौत के बाद शुरू हुए आंदोलनों की याद दिलाते हैं। हालांकि, ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ने बाद में दावा किया कि उन्होंने साइबर अटैक को विफल कर दिया लेकिन तब तक यह वीडियो काफी देर तक प्रसारित हो चुका था। इजरायल ने सिर्फ मीडिया नहीं, बल्कि ईरान के बैंकिंग सेक्टर पर भी हमला किया।ईरानी सरकार के प्रवक्ता के अनुसार बैंक सेपाह और बैंक पसारगाड को साइबर टारगेट किया गया हालांकि, सरकार का दावा है कि लोगों का डेटा सुरक्षित है और सिस्टम को जल्द रिकवर कर लिया जाएगा। इस साइबर हमले के पीछे एक एंटी-ईरान हैकिंग ग्रुप 'गोंजेश्के दारांदे' का नाम सामने आया है। ग्रुप ने दावा किया कि उन्होंने बैंक सेपाह का डेटा नष्ट कर दिया है। बैंक को निशाना इसलिए बनाया गया क्योंकि वह ईरानी सेना को फंडिंग करता है।