इरबिल (24 जुलाई 26)। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच उत्तरी इराक के प्रमुख शहर इरबिल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अमेरिकी सेना की मौजूदगी वाले एक रणनीतिक सैन्य अड्डे के करीब आज एक के बाद एक कम से कम 7 जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। धमाकों के तुरंत बाद सैन्य अड्डे और उसके आसपास के इलाकों से आसमान में काले धुएं का गुबार उठता देखा गया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना इराक के अर्द्ध-स्वायत्त कुर्द बहुल क्षेत्र के इरबिल शहर में हुई। स्थानीय समयानुसार आज सुबह लगभग 9:30 बजे लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार सैन्य परिसर और उसके आसपास के कम से कम चार स्थानों से धुएं का गुबार उठता स्पष्ट दिखाई दिया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी भी तरह के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं घटना के तुरंत बाद न तो इराकी प्रशासन की ओर से और न ही अमेरिकी सैन्य अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इलाके में जारी मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को ड्रोन या रॉकेट हमले की आशंका से जोड़कर जांच कर रही हैं।