Wednesday, 30 Sep 2026

ईंधन की बढ़ती कीमतों पर राहुल का मोदी पर तीखा हमला

नईदिल्ली (26 मई 26)। देश में आज चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। इन बढी हुई कीमतों पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ईंधन के दाम एक साथ न बढ़ाकर टुकड़ों में बढ़ा रही है, ताकि आम जनता को इस जेबकटी का तुरंत अहसास न हो।

उन्होंने पीएम को 'महंगाई मैन' की संज्ञा देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह जनता पर महंगाई का नया हमला है। उन्होंने कहा कि किश्तों में दाम इसलिए बढ़ाए जा रहे हैं ताकि चुपके-चुपके नागरिकों की जेब पर डाका डाला जा सके। राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वह पिछले कई महीनों से आने वाले आर्थिक संकट और तूफान को लेकर आगाह कर रहे थे। लेकिन, उस समय प्रधानमंत्री हमेशा की तरह चुनावी प्रचार में व्यस्त थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 8 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है और आने वाले दिनों में यह इजाफा थमता हुआ नहीं दिख रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार का केवल एक ही फॉर्मूला है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करना और चुनाव बीत जाने के बाद जनता की जेब पर सीधे वार करना।

Tags:

Follow us

This question is not available..!