तेहरान (25 मई 26)। ईरान ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ पश्चिम एशिया में तनाव खत्म करने को लेकर कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन किसी अंतिम शांति समझौते पर पहुंचना अभी 'तुरंत संभव' नहीं है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि हाल के दिनों में वार्ता को लेकर जो प्रगति सामने आई है, वह कई हफ्तों की बातचीत का नतीजा है। उन्होंने बताया कि यह बातचीत पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए हो रही थी, जो वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कूटनीतिक चैनल के रूप में काम कर रहे हैं। 'समझौता तुरंत होने वाला नहीं।' इस्माइल बगाई ने कहा, 'यह सही है कि कई मुद्दों पर निष्कर्ष तक पहुंचा गया है, लेकिन कोई यह दावा नहीं कर सकता कि समझौते पर हस्ताक्षर जल्द होने वाले हैं।' उन्होंने अमेरिकी नेताओं के बयानों पर भी निशाना साधा और कहा कि अमेरिका से कुछ ही घंटों के अंतराल में अलग-अलग और विरोधाभासी बयान आते हैं, जिससे बातचीत और कठिन हो जाती है। ईरान ने इस दौरान China और Russia के साथ अपने संबंधों को भी महत्वपूर्ण बताया। बघाई ने कहा कि चीन के साथ ईरान की रणनीतिक साझेदारी है और बीजिंग ने क्षेत्रीय सुरक्षा तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से जुड़े मुद्दों पर हमेशा 'रचनात्मक' भूमिका निभाई है। उन्होंने ईरानी उप विदेश मंत्री मजीद तख्त रवांची की चीन और रूस के राजदूतों के साथ हालिया बैठक का भी जिक्र किया, जिसमें पश्चिम एशिया की ताजा स्थिति पर चर्चा हुई।ईरान ने चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping की चार सूत्रीय क्षेत्रीय सुरक्षा योजना की भी सराहना की। इस योजना में क्षेत्रीय शांति, संप्रभुता का सम्मान, अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन और साझा आर्थिक विकास पर जोर दिया गया है।