Wednesday, 30 Sep 2026

ईरान की यात्रा न करें भारतीय, भारत सरकार की एडवाइजरी

नईदिल्ली (03 अक्टूबर 24)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारत ने बुधवार को अपने नागरिकों को ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी। विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी कर ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने का आग्रह किया। यह परामर्श हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्लाह तथा आतंकवादी संगठन के अन्य कमांडर की हत्या के जवाब में ईरान द्वारा इजराइल में लगभग 200 मिसाइलें दागे जाने के एक दिन बाद जारी किया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम क्षेत्र में सुरक्षा हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं।' विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘भारतीय नागरिकों को ईरान के लिए सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है। वर्तमान में ईरान में रह रहे लोगों से सतर्क रहने और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने का अनुरोध किया जाता है।' तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी किया। इसमें कहा गया, ‘क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए, इजराइल में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है।' यह भी कहा गया, ‘सावधानी बरतें, देश के भीतर अनावश्यक यात्रा करने से बचें और सुरक्षित ठिकानों के करीब रहें।' 




Tags:

Follow us

This question is not available..!