Tuesday, 29 Sep 2026

ईरान कुछ भी नहीं छिपा सकता: अमेरिका

वाशिंगटन (03 सितंबर 26)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ईरान की गतिविधियों पर लगभग पूरी नजर रख रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि ईरानी अपनी गतिविधियां अमेरिका की नजरों से नहीं छिपा सकते। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने अमेरिकी निगरानी क्षमता का बखान करते हुए कहा कि अमेरिका को पता है कि ईरान क्या बना रहा है और कहां सैन्य तैयारी कर रहा है। ट्रंप के मुताबिक, 'वे बाथरूम भी नहीं जा सकते, बिना हमारे देखे।' ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान दोबारा अपने रडार सिस्टम, मिसाइल सिस्टम और समुद्री माइंस बिछाने की क्षमता को तैयार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अमेरिकी हमलों ने इन तैयारियों को नुकसान पहुंचाया।

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर मजबूत नियंत्रण कायम कर लिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी निगरानी और सैन्य कार्रवाई के बीच हर दिन बड़ी मात्रा में तेल ले जाने वाले जहाज इस क्षेत्र से गुजर रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, कभी-कभार ईरान ड्रोन हमला करने की कोशिश करता है, लेकिन अमेरिकी सेना उसे मार गिराती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास इस रणनीतिक जलमार्ग पर 'बहुत मजबूत नियंत्रण' है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री माइंस बिछाने के लिए एक विशेष रॉकेट तैयार कर रहा था। उनके मुताबिक, यह सिस्टम लगभग तैयार हो चुका था, लेकिन अमेरिकी हमले में इसे नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इसकी जानकारी इसलिए मिली क्योंकि उसकी निगरानी व्यवस्था ईरान की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। 

ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर किसी भी समय दोबारा हमला कर सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि मौजूदा संघर्ष बहुत लंबे समय तक चलेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच हालिया संघर्ष में दोनों पक्षों की ओर से भारी सैन्य कार्रवाई हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान में अमेरिकी हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत और करीब 108 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने उसके दक्षिणी तट के इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें कुहस्तक शहर में एक शादी समारोह भी प्रभावित हुआ।

Tags:

Follow us

This question is not available..!