कुवैत (01 जून 26)। मिडिल ईस्ट से सबसे बड़ी और बेहद डरावनी खबर सामने आ रही है। 1 जून सोमवार सुबह-सुबह ईरान ने कुवैत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उस पर मिसाइलों और सुसाइड ड्रोन्ससे भीषण हमला कर दिया है। इस अचानक हुए हमले के बाद पूरे कुवैत में युद्ध के सायरन गूंज रहे हैं, जिससे नागरिकों में भारी दहशत फैल गई है और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों और अंडरग्राउंड बंकरों की तरफ भाग रहे हैं। कुवैत का कहना है कि उसके हवाई रक्षा तंत्र ने ड्रोन और मिसाइलों को रोकने के लिए गोलीबारी शुरू कर दी है।
सोमवार को कुवैत की सेना ने अचानक घोषणा की कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम (हवाई सुरक्षा प्रणाली) दुश्मन की मिसाइलों और सुसाइड ड्रोन्स के हमलों का सामना कर रहा है। खाड़ी क्षेत्र में तेजी से बदल रहे सुरक्षा समीकरणों के बीच कुवैती सेना ने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। कुवैती सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक आधिकारिक पोस्ट जारी कर बताया कि देश की हवाई सुरक्षा प्रणाली इस समय दुश्मन के बड़े हवाई हमलों को नाकाम करने में जुटी है। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि "यदि आसमान में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती हैं, तो घबराएं नहीं। ये आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने (इंटरसेप्ट करने) के कारण हो रही हैं।" सेना ने सभी नागरिकों से सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जारी आपातकालीन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। वहीं अभी अपडेट आई है कि कुवैत की वायु सेना ने देश को लक्ष्य बनाकर दागी गयी ईरानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों को रोक दिया है। यह घटनाक्रम सप्ताहांत में ईरानी सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है कुवैती सेना के जनरल स्टाफ ने यह जानकारी दी है।