अंडमान (06 जून 26)। भारत के ऊर्जा क्षेत्र से एक ऐसी बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, जिसने पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ दी है। सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को अंडमान के समुद्र क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का एक और विशाल भंडार मिला है। यह खोज ऐसे समय में हुई है जब देश पिछले कुछ दिनों से गैस की किल्लत से जूझ रहा था। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी तेल और गैस मिलने पर वहां काफी जश्न मनाया जा रहा था, लेकिन अब भारत की इस 'महा-सफलता' ने ड्रैगन के करीबी दोस्त की खुशी को फीका कर दिया है।
ऑयल इंडिया ने आधिकारिक तौर पर बताया कि अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर विजयपुरम-3 नामक कुएं में प्राकृतिक गैस मिली है। कंपनी के लिए इस क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले सितंबर 2025 में विजयपुरम-2 कुएं में भी गैस के संकेत मिले थे, जिससे वैज्ञानिकों का इस क्षेत्र की क्षमता पर भरोसा और भी बढ़ गया है। इस महा-खोज के लिए वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम किया: समुद्र की गहराई: ड्रिलिंग का काम 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में किया गया। खुदाई का लक्ष्य: शुरुआती जांच में 1900 मीटर से ज्यादा की गहराई में गैस के जबरदस्त संकेत मिले और लगातार गैस निकलती देखी गई। सफलता की गारंटी: अब तक खोदे गए तीन कुओं में से दो में गैस मिलना इस बात की पुष्टि करता है कि अंडमान के नीचे हाइड्रोकार्बन का बड़ा भंडार छिपा है।
ऑयल इंडिया का मानना है कि यह खोज भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह संकेत देती है कि इस समुद्री क्षेत्र में तेल और गैस के और भी बड़े भंडार मौजूद हो सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने सावधानी बरतते हुए यह भी कहा है कि अभी इसकी व्यावसायिक व्यवहार्यता तय करने के लिए और अधिक टेस्ट किए जाएंगे। फिलहाल गैस के सैम्पल की जांच लैब में की जा रही है ताकि उसकी ऊर्जा क्षमता और गुणवत्ता का पता लगाया जा सके।