वाशिंगटन (10 जून 26)। खाड़ी क्षेत्र में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' के ऊपर गश्त कर रहे एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका को ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करनी होगी। ट्रंप का यह बयान उस घटना के बाद आया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के ऊपर गश्त कर रहे अमेरिकी सेना के एक AH-64 अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्हें अमेरिकी सेना से जानकारी मिली है कि ईरान ने एक अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन अमेरिका इस हमले को अनदेखा नहीं कर सकता। ट्रंप ने कहा, 'इस हमले का जवाब देना आवश्यक है।' इससे पहले U.S. Central Command ने जानकारी दी थी कि अमेरिकी सेना का एक AH-64 अपाचे हेलीकॉप्टर सोमवार शाम ओमान के तट के पास हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि शुरुआती बयान में CENTCOM ने हेलीकॉप्टर गिरने के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार नहीं ठहराया था और कहा था कि घटना की जांच जारी है। अमेरिकी सेना के अनुसार, हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों सैनिकों को दुर्घटना के लगभग दो घंटे के भीतर अमेरिकी नौसेना और अन्य सैन्य इकाइयों ने सुरक्षित बचा लिया। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। हालांकि, हेलीकॉप्टर के गिरने की असली वजह को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि यह तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से भी हो सकता है। बाद में ट्रंप ने दावा किया कि हेलीकॉप्टर को ईरान ने मार गिराया था। घटना की आधिकारिक जांच अभी जारी है।