उज्जैन (13 फरवरी 26)। बाबा महाकाल की नगरी अब एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की गवाह बनने जा रही है। शहर की सडकों पर शुक्रवार को देश की पहली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का डेमो किया जाएगा। चेन्नई से विशेष रूप से ट्रायल के लिए मंगवाई गई यह बस अशोक लीलैंड कंपनी द्वारा निर्मित है, जिसे स्वीच मोबेलिटी नाम दिया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह बस पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है।
बस चालक राजा ने बताया कि यह बस एक बार चार्ज होने पर 380 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है और इसकी अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें कुल 69 सीटें हैं, जिसमें निचली मंजिल पर 30 और ऊपरी मंजिल पर 39 यात्री बैठ सकेंगे।
समाजसेवी गोविंद (बबलू) यादव ने बताया कि उनके मित्र के माध्यम से इस खास डबल डेकर बस को उज्जैन में डेमो के लिए पहुंचाया गया है। शुक्रवार को टॉवर चौक पर अधिकारियों की मौजूदगी में बस का ट्रायल रन शुरू होगा और शहर के अलग-अलग रास्तों पर इसकी सफलता को परखा जाएगा। टेस्टिंग के बाद इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
गोविंद (बबलू) यादव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि सफल ट्रायल के बाद महाशिवरात्रि पर्व पर शहर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह बस पूरी तरह नि:शुल्क चलाई जाएगी, ताकि भक्त आधुनिक और सुखद यात्रा के साथ भगवान महाकाल के दर्शन कर सकें। फिलहाल टॉवर चौक पर खड़ी इस आलीशान बस को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।