उज्जैन (04 जून 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर वर्ष 2025 को 'उद्योग एवं रोजगार वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य प्रदेश में आर्थिक विकास को गति देना, औद्योगिक विस्तार को प्रोत्साहित करना और व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी श्रृंखला में उज्जैन में 5 जून गुरुवार को आयोजित 'स्पिरिचुअल एंड वेलनेस समिट' का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा होटल अंजूश्री में आयोजित इस समिट में फायरसाइड चैट सत्र 'वेलनेस के लिए एक नई सोच' विषय पर संवाद भी करेंगे। मुख्यमंत्री समिट में भाग लेने वाले वेलनेस सेक्टर के प्रमुख निवेशकों, नीति-निर्माताओं एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे।
इस समिट का उद्देश्य मध्यप्रदेश को वैश्विक वेलनेस हब के रूप में स्थापित करना तथा उज्जैन को वेलनेस सेक्टर की प्रमुख केंद्र-स्थली के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इस आयोजन के माध्यम से योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, जनजागरूकता, आध्यात्मिकता तथा वेलनेस आधारित उद्योगों में निवेश और सहयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा प्रदेश के अलावा राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर विभिन्न अवसरों पर निवेश संवर्धन, कौशल विकास एवं रोजगार आधारित कार्यशालाएं, एक्सपो एवं कॉन्क्लेव आदि आयोजित किये जायेंगे।
वेलनेस समिट को सफल बनाने के लिए आनंद, पर्यटन एवं आयुष विभाग द्वारा समन्वित प्रयास एवं सक्रिय सहयोग किया जा रहा है। भारत के हृदयस्थल में स्थित उज्जैन एक प्राचीन और धार्मिक नगरी के रूप में प्रसिद्ध है। यह का शांत वातावरण, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के कारण वेलनेस सेक्टर के लिए आदर्श स्थल भी है। एक दिवसीय समिट में प्रख्यात आध्यात्मिक संत / साधक, वेलनेस सेक्टर के प्रमुख निवेशक, नीति-निर्माता, आयुष और स्वास्थ्य विशेषज्ञ, वेलनेस तथा टूरिज्म ऑपरेटर्स आदि भाग लेंगे। कार्यक्रम के मुख्य सत्र को मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन संबोधित करेंगे। प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन विभाग रोडमेप फॉर वेलनेस सेक्टर विषय पर प्रस्तुतिकरण देंगे। परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती द्वारा सत्र को संबोधित किया जायेगा। समिट में मध्यप्रदेश: राइजिंग हब एण्ड उज्जैन एज द एपिसेंटर ऑफ वेलनेस विषय पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की जायेगी।