Wednesday, 07 Oct 2026

उत्कृष्ट कार्य, जनसेवा का प्रमाण है पदक: राज्यपाल

भोपाल (17 अगस्त 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि राष्ट्रपति पुलिस पदक जैसा प्रतिष्ठित अलंकरण निःसंदेह आपके उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय कर्तव्यबोध और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रमाण है। यह सम्मान, केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का नहीं बल्कि प्रदेश पुलिस के सामूहिक संकल्प की सफलता का प्रतीक है। यह पदक उस त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान है जो अपने समाज और राष्ट्र को प्राथमिकता देकर निभाया है।

राज्यपाल पटेल शनिवार को राष्ट्रपति के वीरता पदक, विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक प्राप्तकर्ता पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पदक प्राप्तकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में अपर मुख्य सचिव, गृह  जेएन कंसौटिया भी मौजूद रहे। राज्यपाल  पटेल ने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना, पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि आज का यह अवसर आपके अभिनंदन के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों और चुनौतियों को और अधिक गंभीरता से निभाने के संकल्प का भी है। पदक की चमक आपकी वर्दी में चार चांद लगाती है। इसलिए आप सभी का परम दायित्व है कि वर्दी की मर्यादा, आन-बान और शान को हमेशा बनाएं रखें। राज्यपाल पटेल ने पदक प्राप्तकर्ता पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशंसा-पत्र प्रदान किया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने स्वागत उद्बोधन दिया। आभार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ चंचल शेखर ने व्यक्त किया। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, महानिदेशक जेल वरूण कपूर, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पदक प्राप्तकर्ता और उनके परिजन उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!