उत्तरकाशी (06 अगस्त 25)। मंगलवार को धराली गांव और हर्षिल आर्मी कैंप के ऊपर दो बड़े भूस्खलन हुए, जिनमें चार से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग बह गए। उत्तराखंड के खीरगढ़ इलाके में बादल फटने से हुए विनाशकारी भूस्खलन से गाँव में भारी तबाही मची और मलबा और पानी का सैलाब बस्ती में भर गया।
SDRF की पोस्ट भटवाड़ी व गंगोत्री से रेस्क्यू टीमें मय रेस्क्यू उपकरणों के घटनास्थल पर पहुंच गई है। रेस्क्यू टीम द्वारा सैटेलाइट फोन के माध्यम से अवगत कराया गया कि आपदा प्रभावित क्षेत्र से अभी तक 130 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। SDRF की अन्य टीमें रास्ते मे है जो जल्दी ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंच जाएगी। भारतीय सेना के अधिकारी ने बताया कि निचले हर्षिल क्षेत्र में एक शिविर से 8-10 भारतीय सेना के जवान लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना में अपने ही लोगों के लापता होने के बावजूद, भारतीय सेना के जवान राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
केंद्रीय और राज्य आपदा राहत बलों और राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने मदद चाहने वाले लोगों से 01374222126, 222722, 9456556431 डायल करने का आग्रह किया है। हरिद्वार में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने प्रभावित लोगों से 01374-222722, 7310913129, या 7500737269 डायल करने का आग्रह किया है और देहरादून में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से 0135-2710334, 0135-2710335, 8218867005, या 9058441404 पर संपर्क किया जा सकता है।