Tuesday, 29 Sep 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट के बाद चारधाम यात्रा स्थगित

देहरादून (07 जुलाई 24)। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा शनिवार शाम को नौ जिलों में आगामी दो दिनों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त करने के बाद राज्य सरकार की ओर से चेतावनी (अलर्ट) जारी कर दिया गया साथ ही, राज्य में स्थित गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ तीर्थस्थानों चारों धामों की यात्रा भी स्थगित कर दी गई। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जिला अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त, गढ़वाल मंडल और अध्यक्ष, चार धाम यात्रा प्रशासन संगठन, विनय शंकर पाण्डेय ने बताया कि मौसम विभाग, उत्तराखण्ड की विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आगामी दिनों में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों में भारी वर्षा होने की संभावना है। अत: मौसम विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर गढ़वाल मंडल के चार धाम यात्रा हेतु जाने वाले श्रद्वालुओं से अनुरोध एवं अपील की जाती है कि वे ऋषिकेश से आगे चार-धाम की यात्रा प्रारम्भ न करें तथा जो तीर्थयात्री जिस जगह पर यात्रा हेतु पहुंच गये हैं वे भारी वर्षा की संभावना के द्दष्टिगत उसी स्थान पर विश्राम करें। 

इस परामर्श में आगे कहा गया है कि क्योंकि मौसम विभाग से उक्त तिथियों में गढ़वाल मंडल में भारी बर्षा की संभावना व्यक्त की गई है अत: यात्रा प्रशासन संगठन द्वारा जनहित एवं तीर्थयात्रियों के जान-माल की सुरक्षा हेतु चार धाम यात्रा स्थगित किये जाने का निर्णय लिया गया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री  धामी ने मौसम विभाग द्वारा राज्य के नौ जनपदों में बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान को लेकर सभी संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से भी भारी बारिश के चलते संभावित आपदाओं के द्दष्टिगत सावधानी बरतने तथा सुरक्षित स्थलों पर रहने की अपील की है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!