Wednesday, 30 Sep 2026

उद्योग, रोजगार का नया हब बनेगा ग्वालियर-चंबल

ग्वालियर (27 जून 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर-चंबल अंचल को एक बड़ी ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। अब अंचल के लोग ग्वालियर से ट्रेन द्वारा सीधे बैंगलोर पहुँच सकेंगे। युवाओं के लिये यह विशेष तौर पर तोहफा है। साप्ताहिक ग्वालियर–बैंगलोर ट्रेन सुविधा से आईटी के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर से गुरुवार को ग्वालियर से बैंगलोर नई ट्रेन सुविधा का वर्चुअल शुभारंभ किया। कार्यक्रम से केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में वैष्णव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल के लिये ग्वालियर से बैंगलोर चलने वाली ट्रेन बड़ी सौगात है। इस ट्रेन के शुरू होने से ग्वालियर-चंबल संभाग के ऐसे युवा जो आईटी के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे हैं उन्हें सीधे बैंगलोर पहुँचने की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। 

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर के लिये आज ऐतिहासिक दिन है। ग्वालियर को दक्षिण से जोड़ने के लिये नई रेल सुविधा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृत की है। ट्रेन के प्रारंभ होने से ग्वालियर-चंबल संभाग के हजारों हजार लोगों को अब सीधे बैंगलोर पहुँचने के लिये परेशानी नहीं होगी।  विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर को बड़ी सौगात मिली है। मध्यप्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार कार्य में ग्वालियर का रेलवे स्टेशन भी शामिल है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में ग्वालियर को एक नई सौगात मिली है। ग्वालियर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं रेलवे के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!