रामपुर (19 सितंबर 24)। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ट्रेन को डिरेल करने की कोशिश की गई है। कानपुर, गाजीपुर, देवरिया के बाद अब रामपुर जिले में यह साजिश रची गई है। उत्तराखंड बॉर्डर से सटी कॉलोनी के पीछे से गुजर रही रेलवे लाइन पर टेलीकॉम का पुराना 6 मीटर लंबा खंभा हुआ था। इस बीच दून एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। रेलवे ट्रैक पर खंभा देख लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बड़े हादसे को टाल दिया। रेलवे ट्रैक पर खंभा रखे होने की सूचना पर GRP और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने खंभे को ट्रैक से हटवाया, जिसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। यह घटना बीते बुधवार रात की है। बलवंत एन्क्लेव कॉलोनी के पीछे से गुजर रही बिलासपुर रोड रुद्रपुर सिटी स्टेशन के किमी 43/10-11 रेलवे लाइन पर टेलीकॉम का पुराना लोहे का 7 मीटर लंबा खंभा रेलवे ट्रैक पर रखा हुआ था। बुधवार रात करीब 11 बजे वहां से गुजर रही देहरादून एक्सप्रेस (नंबर-12091) के लोको पायलट की नजर खंभे पर पड़ गई। यह देख उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दिया। इस घटना की जानकारी देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन के लोको पायलट के द्वारा स्टेशन मास्टर और GRP को दी गई। सूचना मिलते ही GRP और RPF टीम मौके पर पहुंच गई। थोड़ी देर बाद रामपुर SP ने भी जिले की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम ने खंभे को कब्जे में लेकर रात में ही सर्चिंग शुरू कर दी। मुरादाबाद से GRP SP विद्या सागर मिश्र भी घटनास्थल पर पहुंचे।