उरी (22 जून 24)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी के गोहलान इलाके में सुरक्षा बलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान सेना के जवानों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आतंकी उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया, 'सुरक्षा बलों ने उरी के गोहलान इलाके में नियंत्रण रेखा के इस तरफ घुसने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के एक समूह को देखा। सुरक्षा बलों ने समूह को चुनौती दी। लेकिन उनकी तरफ से जवानों पर गोलियां चलाई गईं। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सेना के जवानों ने दो दहशतगर्दों को मार गिराया और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया।' जम्मू-कश्मीर में पिछले एक पखवाड़े में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ी हैं। खुफिया एजेंसियां इसे जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की आतंकवादियों की आखिरी कोशिश बता रही हैं।