नईदिल्ली (26 जून 24)। वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) अपनी 37 प्रयोगशालाओं में आठ अलग-अलग थीमों में एक सप्ताह एक थीम (ओडब्ल्यूओटी) पर सप्ताह भर की गतिविधियों का आयोजन कर रही है, ताकि क्रियान्वयन के योग्य अनुसंधान से विपणन योग्य/मूल्य-वर्धित प्रौद्योगिकियों/उत्पादों की ओर ले जाया जा सके, प्रौद्योगिकी लाइसेंसिंग को आसान बनाने के लिए हितधारकों से संपर्क बढ़ाया जा सके। लक्षित थीम 'ऊर्जा और ऊर्जा उपकरण (ईईडी)' 24-28 जून, 2024 के दौरान नई दिल्ली में ऊर्जा उत्पादन और भंडारण से जुड़े समाधानों के लिए पारंपरिक, गैर-पारंपरिक, टिकाऊ और अभिनव दृष्टिकोणों पर केंद्रित है।
वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर)-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनपीएल) भी ओडब्ल्यूओटी:ईईडी कार्यक्रम के अंतर्गत 26 और 27 जून, 2024 को दो-दिवसीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें फोटोवोल्टिक मेट्रोलॉजी, लचीले सौर सेल (सिलिकॉन और पेरोवस्काइट), ऊर्जा गैस (हाइड्रोजन और वैकल्पिक ईंधन) मेट्रोलॉजी और कृषि अपशिष्ट से बायोकोल के क्षेत्रों में तकनीकी शक्तियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें अनेक विशेषज्ञों की प्रस्तुतियां, उद्योग सम्मेलन, प्रयोगशाला दौरे, कार्य के संदर्भ में सुविधाओं का प्रदर्शन आदि सहित कई कार्यक्रम शामिल होंगे।